मध्य प्रदेशराज्यरेलवे

भोपाल में सतर्कता जागरूकता सेमिनार का आयोजन

भोपाल: 13 सितंबर 2024

आज पश्चिम मध्य रेलवे, जबलपुर की सतर्कता शाखा द्वारा भोपाल स्थित मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में सतर्कता जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार की शुरुआत में “सतर्कता बुलेटिन” नामक एक पुस्तिका का विमोचन मंडल रेल प्रबंधक श्री देवाशीष त्रिपाठी द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि “रेलवे में पारदर्शिता और ईमानदारी से काम करना हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। हर कर्मचारी और अधिकारी का यह दायित्व है कि वे नियमों और नीतियों का सख्ती से पालन करें ” इस पुस्तिका में विभिन्न विभागों से संबंधित जानकारी और सतर्कता संबंधी उपायों पर प्रकाश डाला गया है, जिसका उद्देश्य कर्मचारियों को जागरूक करना और सतर्कता के महत्व पर जोर देना है।

सतर्कता शाखा वर्तमान में सतर्कता जागरूकता अभियान-2024(“सत्यनिष्ठा की संस्कृति से राष्ट्र की समृद्धि”) का आयोजन 16 अगस्त 2024 से 15 नवंबर 2024 तक कर रही है| इस अभियान के तहत रेलवे कर्मचारियों और अधिकारियों को उनके कार्यों में ईमानदारी, पारदर्शिता और नैतिकता बनाए रखने के लिए जागरूक किया जा रहा है, ताकि संगठन में नीतिगत प्रक्रियाओं का सही तरीके से पालन हो सके और भ्रष्टाचार की रोकथाम की जा सके।

सेमिनार का संचालन सतर्कता अधिकारियों और निरीक्षकों द्वारा पावर पॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से किया गया। इसमें रेलवे के अनुशासनात्मक और अपील नियम, आचरण संहिता के नियम, ठेके पर निष्पादित किये जाने वाले कार्यों में पारदर्शिता, गलत कार्य पद्धतियों को रोकने के उपाय, और नियमों व नीतियों के सही अनुपालन पर चर्चा की गई। इसके अलावा, कुछ महत्वपूर्ण मामलों के अध्ययन के उदाहरण भी प्रस्तुत किए गए, ताकि कर्मचारियों को व्यावहारिक जानकारी दी जा सके। इस सेमिनार में रेलवे के विभिन्न विभागों के कर्मचारी, डिपो प्रभारी और अधिकारीगण उपस्थित रहे।

रेलवे प्रशासन इस प्रकार के सेमिनारों और जागरूकता अभियानों के माध्यम से अपने कर्मचारियों को सतर्कता और नैतिकता के महत्व से अवगत कराता रहेगा, ताकि कार्यस्थल पर अनुशासन, ईमानदारी और स्वच्छ कार्यप्रणाली को बढ़ावा मिल सके।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री देवाशीष त्रिपाठी, अपर मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती रश्मि दिवाकर, उप मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री अरुण कुमार शर्मा, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री विजय सिंह एवं मंडल के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!