कोलकाता रेप-मर्डर केस: आज बंद रहेंगे देश भर के अस्पताल, 24 घंटों के लिए डॉक्टरों की हड़ताल

भोपाल/नई दिल्ली: 17 अगस्त 2024
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने 17 अगस्त को देशभर के सभी छोटे बड़े अस्पतालों में बंदी का ऐलान किया है। आईएमए यानी कि इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरवी अशोकन ने इस बारे में जानकारी देते हुए कहा कि डॉक्टर 24 घंटे के लिए हड़ताल पर रहेंगे। उन्होंने बताया कि शनिवार सुबह 6 बजे से हड़ताल शुरू होगी, जो अगले दिन सुबह 6 बजे तक चलेगी। इस दौरान इमरजेंसी सेवाएं चालू रहेंगी, लेकिन ओपीडी के साथ बाकी सेवाएं बंद रहेंगी। बता दें कि कोलकाता के आर. जी. कर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में ट्रेनी डॉक्टर के साथ रेप और मर्डर की घटना के विरोध में देश भर के डॉक्टर आक्रोशित हैं और इसी क्रम में शनिवार को वे हड़ताल पर रहेंगे।
‘मैं CBI की जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहा हूं’
अशोकन ने कहा कि जिस लड़की के साथ यह घटना हुई, वह मध्यम वर्गीय परिवार की इकलौती संतान थी। उन्होंने कहा, ‘किसी एक व्यक्ति ने इस घटना को अंजाम नहीं दिया, बल्कि इसमें कई लोग शामिल थे। जिस तरह से उसकी हत्या की गई, उसका वर्णन करने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं। यह मानवता के खिलाफ किया गया अपराध है। यह काम करने वाली जगहों पर महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे से जुड़ा है। डॉक्टर और नर्स इस बात से चिंतित हैं कि वो अस्पताल में सुरक्षित नहीं हैं, उनके परिवार के लोग भी चिंतित हैं। मैं सीबीआई की जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहा हूं।